खंडवा। जिले के मूंदी थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें थार और बलेनो कार की आमने-सामने टक्कर में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल खंडवा रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जलवा निवासी सौरभ राठौर (28) अपनी मां सुमन बाई (58), बहन सारिका और अन्य रिश्तेदारों के साथ कार से मूंदी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही थार वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ और उनकी मां सुमन बाई की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार में 21 अप्रैल को सारिका की शादी होने वाली थी, जिसके चलते वे खरीदारी के लिए मूंदी आ रहे थे। हादसे से पहले घर में शादी की खुशियां थीं, जो इस दर्दनाक घटना के बाद मातम में बदल गईं। हादसे में सारिका राठौर, रविंद्र राठौर (दोनों पिता राजेंद्र, निवासी जलवा) और रविंद्र (पिता दिनेश, निवासी देशगांव) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले मूंदी में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल खंडवा रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही मूंदी थाना प्रभारी राजेंद्र नरवरिया और एएसआई केएन तिवारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही जिला अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
