- संगठन ने जनहित व जागरूकता के कार्यों को आगे बढ़ाने की जताई उम्मीद
हनुमानगढ़। नोहर भीम आर्मी भारत एकता मिशन की ओर से मेघाना निवासी विनोद कुमार को संगठन का सक्रिय सदस्य एवं तहसील अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजस्थान मदनलाल मेघवाल की ओर से जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। नियुक्ति पत्र में संगठन की ओर से बताया गया कि भीम आर्मी भारत एकता मिशन सामाजिक संगठन के रूप में बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा, किसानों की मदद, महिलाओं के सम्मान तथा सामाजिक सद्भाव और जागरूकता के लिए कार्य कर रहा है। विनोद कुमार की ओर से समाज के विभिन्न वर्गों के लिए किए जा रहे जनहित कार्यों एवं लोगों में जागरूकता तथा सद्भावना बढ़ाने के प्रयासों को देखते हुए उन्हें तहसील अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। संगठन ने विनोद कुमार से संविधान सम्मत एवं देशहित में कार्य करने तथा किसी भी धर्म या जाति के प्रति द्वेष की भावना नहीं फैलाने की अपेक्षा जताई है। नियुक्ति पत्र के अनुसार उनका कार्यकाल 25 मार्च 2030 तक रहेगा, जिसे कार्य संतोषजनक पाए जाने पर आगे बढ़ाया जा सकता है। प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल मेघवाल ने उम्मीद जताई कि विनोद कुमार संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए जनहित एवं सामाजिक जागरूकता के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।
