
हनुमानगढ़। स्वामी केशवानंद मेमोरियल पब्लिक स्कूल संगरिया के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत कालीबंगा स्थित पुरातात्विक संग्रहालय का भ्रमण किया। प्राचार्य एसके मुरारी के नेतृत्व में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के समूह ने कालीबंगा स्थित अंतरराष्ट्रीय महत्व की पुरातात्विक ऐतिहासिक साइट का भ्रमण किया। उन्होंने 5000 साल पहले की इंडस वैली सिविलाइजेशन के लोगों के रहन-सहन की जानकारी संग्रहालय को देखकर अनुभव किया। संग्रहालय के वरिष्ठ आर्कियोलॉजिस्ट सुभाष चंद्र उपाध्याय ने बच्चों को संग्रहालय एवं इस पुरातात्विक साइट के बारे में बताया। उस समय लोगों की ओर से उपयोग किए जाने वाले तांबे के औजार, हाथी दांत से बनी वस्तुएं, टेराकोटा-पक्की ईंट, पानी के लिए बनी टेराकोटा की पाइप, खुदाई में निकली टेराकोटा का एक बड़ा सा मटका एवं अन्य चीज देखकर बच्चे अभिभूत हो उठे एवं अपने पुस्तकों में दी गई जानकारी से मिलान करते रहे। वरिष्ठ अध्यापक आस मोहम्मद एवं सरिता झा के नेतृत्व में कक्षा दसवीं एवं अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों ने टीले पर स्थित खुदाई स्थल को बड़े ही ध्यान से देखा और समझा। प्राचार्य एसके मुरारी ने बताया कि स्कूली विद्यार्थियों को इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण अक्सर करवाए जाते हैं। इससे पूर्व एक समूह ने श्रीगंगानगर स्थित जगदंबा अंध विद्यालय का भ्रमण कर उन बच्चों की सीखने की जिज्ञासा एवं विद्यालय की कार्यप्रणाली को देखा और समझा।
